Maharajganj News : क्या आपके घर पहुंच रहा है मिलावटी दूध? मदर डेयरी समेत कई ब्रांड जांच के घेरे में

    14-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले में मिलावटी दूध की बिक्री और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान चलाया। यह अभियान प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) केके उपाध्याय के निर्देश पर संचालित किया गया।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर दूध एवं दूध उत्पादों की जांच की। सबसे पहले कोमल चौराहा, लेहड़ा स्थित मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर भैंस की दूध का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा मिठाई की दुकान से भी दूध का नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया गया।


इसके बाद टीम कोल्हुई बाजार पहुंची, जहां एक ट्रेडर्स का निरीक्षण कर पाश्चुराइज्ड फुल क्रीम दूध का नमूना लिया। वहीं निचलौल के सिसवा रोड पर दूध वाहन की जांच करते हुए मदर डेयरी ब्रांड के फुल क्रीम दूध का नमूना संग्रहित किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी नमूने में मिलावट अथवा मानक के विपरीत तत्व पाए जाते हैं तो संबंधित विक्रेता या प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, पवन गोंड एवं हिमांशु जयंत शामिल रहे।