Maharajganj News : हजारों लोग रोज यहाँ से गुजरते हैं, लेकिन इस सरकारी सुविधा पर लटका है ताला
14-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिला मुख्यालय स्थित आरटीओ ऑफिस के सामने बना सार्वजनिक शौचालय पिछले लगभग एक साल से बंद पड़ा है। शौचालय पर ताला लटकने से स्थानीय लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर से आने वाले राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगरवासियों का आरोप है कि संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है और शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
स्थानीय निवासी निशा देवी, अंजनी कुमार, मनोज कुमार और दक्ष यादव ने बताया कि शौचालय का दरवाजा लंबे समय से बंद है। इसके कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर से आने वाले लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
उन्होंने बताया कि आरटीओ कार्यालय और बाजार क्षेत्र होने की वजह से यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है, लेकिन सार्वजनिक सुविधा बंद होने से लोगों को खुले में जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार स्वच्छता अभियान और सार्वजनिक सुविधाओं पर लाखों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं बदहाल हैं। नगरवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सार्वजनिक शौचालय को चालू कराने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और आम लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।