Maharajganj News : दुकान बंद कर घर लौट रहा था सर्राफा कारोबारी, रास्ते में हुआ खौफनाक कांड
15-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आयी। स्वर्ण व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी को बदमाशों ने जंगल के पास घेरकर हमला कर दिया। व्यापारी को बदमाशों ने न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और बाइक लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर बाजार निवासी रंजीत सोनी (35), धनहिया चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान संचालित करते हैं। प्रतिदिन की तरह वह गुरुवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मल्हनी–फुलवरिया के बीच जंगल क्षेत्र में पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी बाइक पर सवार थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल रंजीत सोनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुरंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
चौकी इंचार्ज संजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि लूट और मारपीट में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।