Maharajganj News : सीमा क्षेत्र में संदिग्ध कार बनी पुलिस के शक की वजह, फिर हुआ बड़ा खुलासा
15-May-2026
Total Views |
ठूठीबारी। नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में पुलिस ने भारी मात्रा में नशे की दवाओं के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों युवक महराजगंज के ही निवासी हैं। पुलिस ने गिरफ्तार युवकों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। ठूठीबारी कोतवाली अंतर्गत लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष पटेल टीम के साथ एसएसबी रोड स्थित भरवलियां पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान एक मारुति कार तेजी के साथ आते हुए दिखाई दी। पुलिस के जवानों ने कार को रोककर तलाशी ली तो कार सवार तीन युवकों के पास से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं।
ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि तलाशी के दौरान सुनील यादव के पास से 577 अदद नाइट्राजीपाम टैबलेट, दो मोबाइल फोन, 2100 रुपये, अनुज सिंह के पास से 105 अदद इस्पासमो प्राक्सीवान पल्स कैप्सूल, एक मोबाइल फोन, 1300 रुपये नकद और तीसरे आरोपी सुजय कुमार मंडल के पास से 624 अदद इस्पासमो प्राक्सीवान प्लस कैप्सूल, एक अदद मोबाइल फोन, 1300 रुपये नकद बरामद हुआ है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।