Sonadi Khas History : सोनाड़ी खास का अनसुना इतिहास, क्या यहीं बिताया था बुद्ध ने साधना का समय?
16-May-2026
Total Views |
Sonadi Khas History : महराजगंज जिले में बहुत से ऐसे स्थान अब भी मौजूद हैं, जिनका संबंध बौद्ध काल से जोड़कर देखा जाता है। इन्ही में से एक है चौक क्षेत्र में स्थित सोनाड़ी खास, जहां को लेकर स्थानीय मान्यताओं में कहा जाता है कि भगवान गौतम बुद्ध सत्य और ज्ञान की खोज के दौरान कुछ समय के लिए यहां ठहरे थे। यह मान्यता इतिहास प्रेमियों और बौद्ध अनुयायियों के बीच विशेष आकर्षण बनी हुई है।
चौक बाजार से पश्चिम दिशा में स्थित सोनाड़ी खास, भगवान बुद्ध के ननिहाल देवदह के करीब माना जाता है। यही वजह है कि इस स्थल का महत्व और भी बढ़ जाता है। इतिहासकार भी ऐसा बताते हैं कि बौद्ध काल के समय में महराजगंज जिला धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण था। ऐसी बहुत सी घटनाएं इतिहास में यहां हुई जिनका जिक्र लोक कथाओं और स्थानीय मान्यताओं में भी सुनने को मिलता है।
सोनाड़ी खास में स्थित सोनाड़ी देवी मंदिर के पुजारी बताते हैं कि गौतम बुद्ध जब सत्य और ज्ञान की खोज में निकले थे उस दौरान वह यहां रुके थे और कुछ समय उन्होंने यहां व्यतीत किया था। इस जगह को लेकर ऐसी भी लोक कथाएं हैं जो बताती हैं कि पहले यह क्षेत्र घने जंगलों और प्राकृतिक वातावरण से भरा हुआ था जो ध्यान और साधना के लिए भी काफी अनुकूल था। इस क्षेत्र में आज भी कई ऐसे ऐतिहासिक स्थल मौजूद हैं, जिन्हें बौद्ध काल से जोड़कर देखा जाता है।