Maharajganj News : परतावल में दिनदहाड़े युवक पर टूट पड़े हमलावर, वायरल वीडियो ने बढ़ाई सनसनी
16-May-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज के नगर पंचायत परतावल में शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक की सरेआम पिटाई से इलाके में हड़कंप मच गया। कप्तानगंज मार्ग स्थित नहर कॉलोनी गेट के पास कार सवार युवक को आधा दर्जन से अधिक युवकों ने कार से बाहर खींच लिया और सड़क पर घसीटते हुए बेरहमी से पीट दिया। करीब दस मिनट तक चली इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि आपन महराजगंज नहीं करता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे नहर कॉलोनी गेट के पास सामान्य दिनों की तरह लोगों की आवाजाही हो रही थी।
इसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी। बताया जा रहा है कि कार सवार युवक किसी काम से वहां पहुंचे थे। तभी पहले से मौजूद कुछ युवक अचानक कार के पास पहुंचे और कार में बैठे युवक को जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद हमलावरों ने उसे सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी।
घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। कई दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर निकल आए, जबकि राहगीर भी रुककर घटना देखने लगे। कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार युवक पर हमला करते रहे। युवक के साथ मौजूद उसके साथी भी उसे बचाने का प्रयास करते रहे, मगर हमलावरों के सामने उनकी एक नहीं चली। भिटौली थाना क्षेत्र के जद्दू पिपरा निवासी शाहरुख खान अपने तीन दोस्तों के साथ कार से परतावल आया था।
वह किसी कार्य से कप्तानगंज मार्ग स्थित नहर कॉलोनी गेट के पास गया था। काम खत्म कर वापस कार में बैठते ही आरोपित युवक वहां पहुंच गए और उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल युवक ने थाने पहुंचकर तीन नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
श्यामदेउरवां थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है। वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।