महराजगंज। जिला मुख्यालय स्थित 33 हजार केवी पावर स्टेशन पर शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। करेंट ट्रांसफॉर्मर (सीटी) में अचानक हुए तेज ब्लास्ट से 4 कर्मचारी झुलस गए। इनमे से एक की हालत गंभीर होने पर उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना के बाद पावर स्टेशन परिसर में हड़कंप मैग गया और देर रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
यह घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुई, जब कर्मचारी विद्युत आपूर्ति ठप होने के बाद फॉल्ट ठीक करने में जुटे थे। इसी दौरान अचानक करेंट ट्रांसफॉर्मर में जोरदार विस्फोट हो गया। ब्लास्ट से निकली गर्म ऑयल की चपेट में आकर सोनू, गोरख, प्रदीप और संपूर्णानंद झुलस गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से झुलसे सोनू की नाजुक हालत को देखते हुए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोरख, प्रदीप और संपूर्णानंद का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
हादसे के कारण देर रात तक कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी और कर्मचारी पावर स्टेशन पहुंच गए।
विद्युत विभाग के एक्सियन ने बताया कि सीटी ब्लास्ट के कारण गर्म ऑयल की चपेट में आने से एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आई हैं।