Maharajganj News : कौन कर रहा है अविनाश मोहन को धमकी भरे कॉल? तलाश में जुटी पुलिस
19-May-2026
Total Views |
नौतनवा। नौतनवा कस्बे के हमीद नगर वार्ड निवासी एक युवक को बीते कई दिनों से अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर रुपये मांगने और धमकी देने का मामला सामने आया है। लगातार आ रहे इन कॉल्स से पीड़ित और उसका परिवार दशहत में है। पीड़ित अविनाश मोहन अग्रहरि ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता अविनाश मोहन अग्रहरि का कहना है कि विगत 15 दिनों से लगातार उनके दोनों मोबाइल नंबरों पर अलग-अलग करीब 20 अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन कर रुपयों की डिमांड की जा रही है। आरोप है कि सोमवार की सुबह भी किसी अज्ञात नंबर से फोन आया और 20 लाख रुपये लोन होने की बात कहते हुए पैसों की डिमांड की गई।
जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो उक्त अज्ञात व्यक्ति फोन पर ही गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इस घटना से सहमे पीड़ित ने सोमवार को थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।