Politics News : सिलेंडर के दाम बढ़े, सियासत गरम! कांग्रेस का केंद्र पर हमला

    02-May-2026
Total Views |

महराजगंज
। गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्र सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव के बाद महंगाई बढ़ने की आशंका जताई गई थी और अब सरकार ने इसकी शुरुआत कर दी है।

विजय सिंह ने बताया कि कामर्शियल गैस सिलेंडर पर 993 रुपये और 5 किलो के छोटे सिलेंडर पर 263 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम जनता और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। कांग्रेस शासनकाल में मामूली बढ़ोतरी पर भी विरोध होता था जबकि अब बड़ी बढ़ोतरी के बावजूद सरकार चुप है।


उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ महीने में कामर्शियल सिलिंडर के दामों में लगभग 1400 रुपये की वृद्धि हुई है, जिससे चाय, मिठाई और नमकीन जैसे रोजमर्रा के सामान भी महंगे होंगे। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी जल्द बढ़ोतरी हो सकती है।

विजय सिंह ने कहा कि कोविड काल और खाड़ी क्षेत्र में तनाव शुरू होने से पहले तेल कंपनियों ने कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के दौरान भारी मुनाफा कमाया, लेकिन इसका लाभ आम जनता को नहीं दिया गया। अब कीमतें बढ़ने पर पूरा बोझ जनता पर डाला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग पर संकट गहरा रहा है और कई लोग आर्थिक तंगी से परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन शुरू कर सकती है।