Maharajganj News : कोर्ट में मामला लंबित, फिर भी जारी है निर्माण जारी... बृजमनगंज में बढ़ा विवाद
20-May-2026
Total Views |
महराजगंज। बृजमनगंज नगर पंचायत क्षेत्र में विवादित भूमि पर जबरन निर्माण करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री को शिकायतीपत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और निर्माण कार्य रोकने की मांग की है। इस मामले को लेकर तनाव की स्थिति बन गयी है।
नगर पंचायत ब्रिजमनगंज के वार्ड नंबर-12 शहीद स्मारक नगर निवासी बच्चूलाल पुत्र सीताराम ने आरोप लगाया है कि उनकी विवादित भूमि पर विपक्षी नंदलाल, रमेश और अन्य रिश्तेदार जबरन निर्माण कार्य करा रहे हैं। पीड़ित के अनुसार उक्त भूमि का मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है और वाद संख्या 63/2026 लंबित है। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि 17 मई को जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया तो विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डायल 112 और स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय में शिकायत देने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं रुका। पीड़ित ने प्रशासन पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।
इस सम्बन्ध में जब हमने बृजमनगंज थाने में कई बार संपर्क करने की कोशिश की तो वहां का फ़ोन नेटवर्क क्षेत्र से बाहर बता रहा था।