Maharajganj News : बारिश से पहले नहीं सुधरी सड़क, पोखरा आवास के लोग परेशान
20-May-2026
Total Views |
महाराजगंज। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के पोखरा आवास दलित बस्ती में सड़क की बदहाली लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में मशक्कत करनी पड़ रही है। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से हालत और ख़राब हो जाती है।
स्थानीय निवासियों ने सड़क की बदहाली पर चिंता व्यक्त की है। कौशल्या देवी, मोइनुद्दीन, पूजा और कमलावती देवी जैसे लोगों ने बताया कि सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों को स्कूल जाने और बुजुर्गों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की है। लेकिन उनकी शिकायतों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। निवासियों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
इस संबंध में, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि जानकारी मिलने के बाद वे इसकी जांच करवा रहे हैं।