Maharajganj News : नौतपा से पहले ही तपने लगा महराजगंज, तीन दिन हीट वेव का अलर्ट

    21-May-2026
Total Views |
heat
महराजगंज। जिले की तराई क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। अगले तीन दिन तक महराजगंज की तराई सहित पूरे सूबे में मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को धूप की तल्खी में बढ़ोतरी के साथ हवा की रफ्तार 20 से 25 किमी प्रतिघंटा रहेगी जिससे सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक लू की स्थिति होगी।

इस दौरान बाहर निकलने से परहेज की चेतावनी दी गई है। बुधवार जनपद का अधिकतम तापमान 37 व न्यूनतम 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हवा की रफ्तार 11 किमी प्रति घंटा रही।

धूप की प्रचंडता अब और मजबूत होने जा रही है। ज्योतिष गणना के मुताबिक, नौतपा 25 मई से लग रहा, लेकिन उससे पहले ही विषम परिस्थिति बन रही हैं। बीते दो दिनों से धुंधली रहकर भी दिन की धूप तल्ख बनी हुई थी जिन्हें हवाओं का साथ मिलता रहा।

हालांकि दिन डूबने के बाद हवा पूरी तरह से बंद जाने के चलते रात में भी उमस भरी गर्मी से जूझना मजबूरी बनी थी। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार से हालात और बिगड़ेंगे व तेज धूप व हवाओं की रफ्तार हीट वेव का दायरा दिन में 11 बजे से शाम चार बजे तक बन रहेगा। 23 व 24 मई को जनपद को आरेंज अलर्ट दायरे में लाया गया है, धूप की तल्खी में किसी तरह की नर्मी के संकेत नही हैं।