Maharajganj News : जिले के करीब 8 लाख बच्चों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर, क्या आप तैयार हैं?
21-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में 26 नवंबर से मिजिल्स रूबेला (खसरा) टीकाकरण अभियान शुरू होगा। जिले में कुल 7 लाख 95 हजार 568 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया है। लक्ष्य पूरा करने की तैयारी तेज हो गई है।
मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ.आईए अंसारी ने बताया कि जिले के 2297 सरकारी स्कूलों, 387 मदरसों और 1064 निजी कॉलेज में बच्चों को टीका लगाया जाएगा। नौ माह से 15 साल तक के कुल 7 लाख 95 हजार 568 बच्चों का टीकाकरण होना है।
इसके लिए ब्लॉकवार सूची तैयार की गई है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 314 एएनएम, 2825 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 2496 आशा कार्यकर्ता, 1440 मोबलाइजर (अन्य एनजीओ), 73 सुपरवाइजर, 49 मेडिकल अफसर, 17 नोडल अधिकारी लगाए गए हैं। ताकि टीकाकरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो। लक्ष्य के अनुरूप सभी बच्चों के टीकाकरण के लिए 3179 सत्र चलेंगे। स्कूलों के अलावा 2058 सत्र संचालित होंगे।
कार्यक्रम में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके पर्यवेक्षण के लिए 6 जिलास्तरीय अधिकारी लगाए गए हैं। सीएमओ डॉ. क्षमा शंकर पांडेय ने कहा कि कार्यक्रम को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए सभी अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।