Allahabad High Court Gun License Report : बृजभूषण से राजा भइया तक... 19 प्रभावशाली लोगों के लाइसेंस जांच के घेरे में
22-May-2026
Total Views |
Allahabad HighCourt Gun License Report : उत्तर प्रदेश में बाहुबलियों या आपराधिक छवि के लोगों के पास लाइसेंसी हथियार को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने ऐसे लाइसेंस धारकों को फिर चिन्हित कर सभी जिलों से रिपोर्ट तलब की है, जिसके बाद हड़कंप मचा हुआ है।
यह मामला संत कबीर नगर निवासी जयशंकर द्वारा दाखिल याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया, जिसकी सुनवाई जस्टिस विनोद दिवाकर की अदालत में हुई। असल में जयशंकर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका में आरोप लगाया गया कि राज्य में शस्त्र लाइसेंस जारी करने और उनके नवीनीकरण में नियमों की अनदेखी की जा रही है। याचिकाकर्ता ने यह भी कहा कि कई ऐसे लोग हथियारों के लाइसेंस लेकर खुलेआम प्रदर्शन प्रदर्शन करते हैं, जिनकी आपराधिक पृष्ठभूमि रही है।
इससे पहले हाईकोर्ट ने सरकार से शस्त्र लाइसेंस के आवंटन, नवीनीकरण और नियमों की अनदेखी को लेकर जानकारियां मांगी थी, जवाब में राज्य सरकार ने हाईकोर्ट को बताया था कि सूबे में 10 लाख से ज्यादा शस्त्र लाइसेंस जारी हैं, जबकि 6,062 ऐसे लाइसेंस धारक हैं जिन पर दो या उससे अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कोर्ट ने इस पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
इस मामले में कोर्ट ने 19 प्रभावशाली व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस से जुड़ी जानकारी भी तलब की है, जिसमे बृजभूषण शरण सिंह, राजा भइया, धनंजय सिंह, सुशील सिंह और विनीत सिंह समेत कई प्रभावशाली लोगों के नाम शामिल हैं।
कोर्ट ने यह भी संकेत दिए हैं कि कानून व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे मामलों में कड़ी निगरानी और समीक्षा की जरूरत है। हाईकोर्ट के इस रुख के बाद प्रदेश में शस्त्र लाइसेंस व्यवस्था को लेकर बड़े स्तर पर जांच और कार्रवाई की संभावना बताई जा रही है।