Maharajganj News : 11 हजार वोल्ट का करंट बना काल, पेड़ पर ही लटकता रहा बच्चे का शव

    22-May-2026
Total Views |

महाराजगंज।
जिले के निचलौल थाना क्षेत्र स्थित विशुनपुरा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालक आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था और हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। 11 हजार वोल्ट के करंट के कारण बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे का शव पेड़ पर कई घंटे तक लटका रहा। लोग नीचे खड़े वीडियो बनाते रहें। जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बच्चे को नीचे उतारा लेकिन तब तक मासूम की जान चली गई।

ग्रामीणों में बिजली विभाग को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया। लोगों का कहना है कि घनी आबादी और पेड़ों के बीच से गुजर रही यह बिजली लाइन लंबे समय से बड़े हादसों का कारण बन रही है। ग्रामीणों ने विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर स्थिति को संभाला। मामला निचलौल थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव का बताया जा रहा है।

मृतक बालक की पहचान विशुनपुरा निवासी रघुवीर चौहान (12 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राम करन चौहान का पुत्र था। शुक्रवार को रघुवीर गांव के काली मंदिर के पास स्थित एक पेड़ पर आम तोड़ने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान पेड़ के बिल्कुल पास से गुजर रही 11000 वोल्ट की विद्युत लाइन से उसका शरीर छू गया।

करंट इतना जोरदार था कि मासूम को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश है। घटना की सूचना मिलते ही निचलौल क्षेत्राधिकारी (CO) अनिरुद्ध कुमार और निचलौल थानाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह से कायम है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।