Maharajganj News : भीषण गर्मी में कूड़े के ढेर ने बढ़ाई संक्रमण की आशंका, दुकानों पर बैठना हुआ मुश्किल
22-May-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर पालिका परिसर स्थित पीजी कॉलेज के सामने पिछले लगभग 15 दिनों से कूड़े का ढेर जमा होने से लोगों और स्थानीय दुकानदारों में भारी नाराज़गी है। भीषण गर्मी के बीच कूड़े से उठ रही तेज दुर्गंध ने आसपास के माहौल को दूषित कर दिया है, जिससे राहगीरों और व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रचंड गर्मी के चलते कूड़े से उठ रही दुर्गंध से आसपास का वातावरण दूषित हो गया है।
क्षेत्र के दुकानदारों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। सड़क किनारे पड़े कूड़े में सड़ रहे अपशिष्ट से लगातार बदबू फैल रही है, जिससे दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है। राहगीरों को भी नाक ढंककर गुजरना पड़ रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि समय पर सफाई न होने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
नगरवासियों में इस समस्या को लेकर आक्रोश है। मुकेश कश्यप, कृष्णा, राहुल और नींबू वाले सहित कई लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द कूड़ा हटवाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।