Maharajganj News : सूचना कार्यालय के पास हाईवोल्टेज ड्रामा, घंटों टावर पर बैठीं दो युवतियां
22-May-2026
Total Views |
महराजगंज। शहर के सक्सेना नगर मोहल्ले में शुक्रवार उस समय हड़कंप मच गया, दो युवतियां सूचना कार्यालय के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गईं। इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और युवतियों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे। शुरूआती जांच में पता चला है कि टावर पर चढ़ी युवतियों में से एक पंजाब की रहने वाली है और स्थानीय आर्केस्ट्रा में डांसर के रूप में काम करती है। दूसरी युवती की पहचान और उसके संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले उक्त युवती ने आर्केस्ट्रा संचालक के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद या किसी अन्य कारण से नाराज होकर दोनों युवतियां मोबाइल टावर पर चढ़ गईं। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी लगातार युवतियों को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करते रहे। सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि दो युवतियों के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिलने के बाद तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रही है और युवतियों को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास जारी है।