Maharajganj News : घर की पुरानी वायरिंग पड़ सकती है भारी, विभाग ने जारी की एडवॉइजरी

    23-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए बिजली विभाग ने आम नागरिकों से बिजली से सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग की ओर से जारी एडवॉइजरी में कहा गया है कि घरों और परिसरों में लगी पुरानी, कटी-फटी अथवा जोड़ वाली सर्विस केबिलें घातक दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं।

ऐसे में उपभोक्ता तुरंत अपने क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र पर अवर अभियंता को लिखित आवेदन देकर केबिल बदलवाने की प्रक्रिया शुरू करें तथा आवेदन की प्राप्ति अपने पास सुरक्षित रखें।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्युत पोल से मीटर तक जाने वाली सर्विस केबिल स्वीकृत भार और मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। साथ ही मीटर से निकलने वाली लाइन में एमसीबी और आरसीसीबी अवश्य लगवाएं, ताकि फाल्ट या लीकेज करंट की स्थिति में बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाए और हादसे से बचाव हो सके।

बिजली विभाग ने लोगों को अत्यधिक पुराने विद्युत उपकरणों के उपयोग से बचने की सलाह दी है। अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह ने बताया कि असुरक्षित विद्युत उपयोग, बिना अर्थिंग, एमसीबी और आरसीसीबी के इस्तेमाल की स्थिति में होने वाली दुर्घटनाओं के लिए उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होंगे।