Maharajganj News : अब सड़कों पर दौड़ेगा वाटर स्प्रिंकलर वाहन, लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत

    23-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद अब महानगरों की तर्ज पर आधुनिक व्यवस्था शुरू करने जा रही है। नगर क्षेत्र में जल्द ही वाटर स्प्रिंकलर वाहन की सुविधा शुरू होगी, जिससे सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी का छिड़काव कर गर्मी एवं लू के प्रभाव को कम किया जाएगा। नगर पालिका परिषद ने इसके लिए मिनी ट्रक माउंटेड अत्याधुनिक वाटर स्प्रिंकलर वाहन की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, इस परियोजना पर लगभग 22 लाख रुपये की लागत आएगी। वाहन की खरीद 15वें वित्त आयोग की निधि से की जाएगी। संबंधित फाइल को स्वीकृति मिल चुकी है और खरीदारी की प्रक्रिया सरकारी जैम पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी।

नगर पालिका परिषद का मानना है कि इस पहल से गर्मी के मौसम में आम लोगों को काफी राहत मिलेगी, विशेषकर बाजारों, मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तापमान के असर को कम करने में मदद मिलेगी। अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि नगर पालिका द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ खरीद प्रक्रिया कराई जा रही है।

मई माह के अंत तक यह अत्याधुनिक वाहन नगर पालिका परिषद को उपलब्ध हो जाएगा। इसके बाद नियमित रूप से सुबह और शाम नगर क्षेत्र में पानी का छिड़काव कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त समय में भी स्प्रिंकलर वाहन चलाया जाएगा।