Maharajganj News : राजकीय आईटीआई फरेंदा में ऐसा क्या हुआ कि कक्षाएं हो गईं प्रभावित?
24-May-2026
Total Views |
महराजगंज। राजकीय आईटीआई फरेंदा महाराजगंज में इन दिनों लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं। वेतन संकट के चलते राजकीय आईटीआई फरेंदा में शिक्षण व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है।
अनुदेशकों का कहना है कि लगातार चार माह से वेतन न मिलने के कारण उनका जीवन-यापन अत्यंत कठिन हो गया है। आर्थिक तंगी के चलते कई अनुदेशक नियमित रूप से कक्षाएं लेने में असमर्थ हो रहे हैं। इसका सीधा असर संस्थान में अध्ययनरत सैकड़ों छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
छात्रों के अनुसार पिछले लगभग 15 दिनों से संस्थान में नियमित कक्षाएं नहीं चल रही हैं, जिससे उनमें भारी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है। विद्यार्थियों का कहना है कि समय पर प्रशिक्षण और पढ़ाई न मिलने से उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।
अनुदेशकों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वे लगातार प्राचार्य एवं उच्च अधिकारियों के संपर्क में हैं, लेकिन वेतन भुगतान को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी या ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है। अधिकारियों की उदासीनता से कर्मचारियों और छात्रों दोनों में निराशा बढ़ती जा रही है।
अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो छात्रों का शैक्षणिक नुकसान और बढ़ जाएगा। उन्होंने शासन और संबंधित विभाग से हस्तक्षेप कर लंबित वेतन का भुगतान कराने तथा संस्थान में नियमित शिक्षण व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।