Maharajganj News : चिलम चौक कांड में नया विवाद, जमानत के बाद भी युवकों को नहीं मिले मोबाइल

    25-May-2026
Total Views |

परतावल।
परतावल के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के चर्चित चिलम चौक कांड में पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस कार्रवाई में फंसे तीनों युवकों का मोबाइल घटना के दिन ही ले लिया गया था। लेकिन जमानत पर रिहा होने के दो दिन बाद भी अब तक युवकों का मोबाइल फोन वापस नहीं किया गया। पीड़ित परिवार लगातार थाने का चक्कर लगा रहा है। जबकि पुलिस मोबाइल का लॉक खुलवाने की जिद पर अड़ी हुई है।

पीड़ित रामा चौधरी, संजय गुप्ता और सोहन चौधरी का आरोप है कि घटना वाले दिन चालान और कार्रवाई से पहले ही पुलिस ने उनके मोबाइल अपने कब्जे में लेकर थाने में रखवा लिया था। अगले दिन जब परिजन मोबाइल लेने पहुंचे तो पुलिस ने लॉक खोलने की शर्त रख दी। पीड़ितों का कहना है कि मोबाइल फोन में घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण वीडियो और फोटो मौजूद हैं, जो उनकी बेगुनाही साबित कर सकते हैं।

उन्हें आशंका है कि यदि मोबाइल पुलिस के कब्जे में ज्यादा दिनों तक रहा तो सबूत मिटाए भी जा सकते हैं। युवकों ने कहा कि जब पुलिस हमें घर से उठाकर फर्जी मुकदमे में फंसा सकती है, तो थाने में जाने पर क्या नहीं कर सकती है। रामा के पिता रामचन्द्र के अनुसार, मोबाइल पाने के लिए पिछले चार दिनों से लगातार थाने के चक्कर लगाया जा रहा है लेकिन हर बार टाला जा रहा है। बार-बार उनसे लॉक खोलने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में लोग पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।

गौरतलब है कि चिलम चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई घटना के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर मारपीट और फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया था। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को लापरवाही बरतने पर लाइन हाजिर कर दिया था।

इस संबंध में सिद्धार्थ ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और सोमवार को युवकों को मोबाइल वापस दिला दिए जाएंगे।