Maharajganj News : 24 घंटे में 30 बार ट्रिपिंग ! ओवरलोड से फुंक रहे ट्रांसफार्मर, लोगों का जीना मुश्किल
25-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में भीषण गर्मी और उमस बढ़ने से जनपद में बिजली की मांग में भारी इजाफा हो गया है। जिले में इन दिनों बिजली की मांग 300 मेगावाट के करीब है, जबकि आपूर्ति सिर्फ 260 मेगा वाट की हो रही है । मांग की तुलना में कम आपूर्ति होने से बिजली केंद्र पर लोड बढ़ जा रहा है। इससे बार-बार पावर कट होने से लोगों को दिक्कत हो रही है। ओवरलोडिंग की वजह से 300 से अधिक ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, बिजली की मांग बढ़ने से अधिकतर बिजलीघर ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे हैं। मुख्यालय के बैकुंठपुर उपकेंद्र की क्षमता 265 एमवीए (मेगावोल्ट-एंपीयर) की है लेकिन इस पर 300 एमवीए का लोड है। ऐसी ही स्थिति में जनपद के अन्य बिजलीघरों की भी होने के चलते प्रचंड गर्मी के बीच हाहाकार की स्थिति है।
लू की स्थिति को देखते हुए शासन स्तर से निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद जिला मुख्यालय की स्थिति यह है कि 24 घंटे में 25 से 30 बार बिजली ट्रिप हो रही है। कभी यह ट्रिपिंग पांच मिनट की होती तो कभी अंतराल एक घंटे तक भी खिंच जाता है।
जानकारी के मुताबिक मार्च महीने तक जिले में बिजली की मांग करीब 190 मेगावाट थी, लेकिन जैसे जैसे तापमान बढ़ रहा है बिजली की मांग मांग में लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।