Maharajganj News : सड़क पर अचानक दौड़ पड़ते हैं कुत्ते, कई लोग घायल होने से बचे

    25-May-2026
Total Views |

नौतनवा।
कस्बे में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से लेकर मुख्य बाजार, सब्जी मंडी और आसपास की सड़कों तक कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते नज़र आ रहे हैं। इससे आने जाने वालों को, मरीजों और स्कूली बच्चों में हर समय डर का माहौल बना हुआ है।

सबसे चिंताजनक स्थिति अस्पताल परिसर की है, जहां इलाज कराने आने वाले रोगी, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे हर समय खतरे के साये में रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह और शाम के समय आवारा कुत्तों का आतंक सबसे अधिक बढ़ जाता है।

न्यू पीएचसी के मुख्य गेट, इमरजेंसी कक्ष और परिसर के आसपास दर्जनों कुत्ते डेरा जमाए रहते हैं। कई बार ये कुत्ते रोगियों और तीमारदारों के पीछे झुंड बनाकर दौड़ पड़ते हैं, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है। मुख्य बाजार और व्यस्त सड़कों पर भी कुत्तों के झुंड राहगीरों पर अचानक भौंकते हुए दौड़ पड़ते हैं।

इन घटनाओं के कारण बाइक और साइकिल सवार कई लोग असंतुलित होकर गिर चुके हैं। दुकानदारों का कहना है कि शाम होते ही बाजार में कुत्तों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे ग्राहक भी दहशत में रहते हैं। अस्पताल आने वाले लोगों का कहना है कि इलाज कराने से ज्यादा चिंता अब कुत्तों के हमले की सताने लगी है।

नगरवासियों का कहना है कि नगर पालिका दावा करता है कि इस सम्बन्ध में समय समय पर अभियान चलाये जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। लोगों ने अस्पताल परिसर और बाजार क्षेत्र में तत्काल विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।

इस बारे में संदीप कुमार सरोज ने बताया कि समस्या को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही विशेष अभियान चलाकर लोगों को राहत दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।