Maharajganj News : नौतपा की शुरुआत आज से, अगले 9 दिन झुलसाएगी भीषण गर्मी
25-May-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज में जिलेवासियों को भीषण गर्मी ने रविवार को खूब रुलाया। अब 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है। इन नौ दिनों में प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा। रविवार को भी लोग धूप और गर्मी से बेहाल नजर आए। अधिकतम तापमान 39 तो न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों तापमान और बढ़ने की आशंका है।
भारतीय ज्योतिष और मौसम विज्ञान में ‘नौतपा’ का विशेष महत्व है। जब सूर्यदेव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं, तब पृथ्वी और सूर्य के बीच की दूरी कम होने से गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है। पारंपरिक मान्यता है कि यदि नौतपा के ये 9 दिन खूब तपेंगे, तो आने वाले समय में मानसून उतना ही बेहतर और खुशहाल होगा। अगले 9 दिनों तक लू चलने की आशंका है। रविवार को दोपहर में सूर्य की तल्खी इस कदर रही कि लोग घर से बाहर निकलने तक की हिम्मत नहीं जुटा पाए। गर्मी से लोग बेहाल नजर आए। पंखे और कूलर भी लोगों को राहत नहीं दे सके।
वहीं आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मौसम में किसी तरह की राहत के कोई संकेत नहीं हैं। धूप की तेजी और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि नौतपा के कारण धूप की तल्खी और बढ़ेगी। बहुत जरूरत होने पर ही घर से दोपहर में निकलें। जरूरत न हो तो घर में ही रहे।