Maharajganj News : गर्मी से जल्द मिलेगी राहत, 27 मई से बारिश और तेज हवाओं के आसार

    26-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
महराजगंज में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को जल्द कुछ राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 मई से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलतेे 27 मई से पुरवा हवाओं व बारिश होने के आसार जताए जा रहे हैं।

वहीं, ज्योतिष गणनाकारों के मुताबिक, नौतपा टूटने की संभावना बन रही है। इधर, सोमवार को अधिकतम तापमान 39 तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। तराई का मौसम बीते सप्ताह से तल्ख बना हुआ है। तेज धूप के कारण अधिकतर व न्यूनतम तापमान में लगातार इजाफा दर्ज होता रहा, लेकिन सोमवार को न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की कमी दर्ज की गई। ज्योतिषाचार्य पं. विंध्यवासिनी पांडेय के मुताबिक, सोमवार से नौतपा शुरू हुआ।


दोपहर तक धूप कुछ धुंधली रही, लेकिन दोपहर बाद तल्ख होने का क्रम शाम चार बजे तक बना रहा। हवा का रुख शांत रहने के कारण धूप ने बाहर निकले लोगों को झुलसने का एहसास कराया। हालांकि, दिन डूबने के बाद चली हल्की हवा से मौसम कुछ नर्म हुआ।

सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान पिछले दिनों की तरह 39 डिग्री बना रहा लेकिन न्यूनतम तापमान 28 से दो डिग्री घटकर 26 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया।

न्यूनतम तापमान घटने से रात के समय लोगों को राहत महसूस हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार से तेज हवा संग बारिश की संभावना बन रही है, जिससे नौतपा खंडित होने की आशंका बढ़ रही है।