Maharajganj News : महराजगंज में डीजल के लिए संघर्ष बरकरार ! गर्मी में लोगों का हाल बेहाल

    27-May-2026
Total Views |

शिकारपुर। जनपद में डीजल और पेट्रोल की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात ऐसे है कि डीजल-पेट्रोल के लिए लोग पंपों पर रात से ही लाइन में लग कर अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे हैं। कहीं-कहीं डीजल सुबह 10 बजे पहुंच रहा है तो कहीं दोपहर बाद पहुंच रहा है। इसके बावजूद पंपों पर लंबी कतारें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं।

शिकारपुर प्रतिनिधि के अनुसार, शिकारपुर स्थित इंडेन पेट्रोल पंप पर किसान डीजल के लिए रात से ही लाइन में लग जा रहे हैं। सुबह तक लोग डीजल के इंतजार में वहीं पर बिस्तर लगाकर सो रहे हैं। इसके चलते उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार, गर्मी और तेज धूप के बीच क्षेत्र में डीजल संकट ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में पेट्रोल पंपों पर डीजल लेने के लिए ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लग रही हैं। सरकारी स्तर पर पर्याप्त आपूर्ति के दावे के बावजूद ईंधन की किल्लत से लोग काफी परेशान हैं।

क्षेत्र के चौक, रुदरौली, मिठौरा, सिंदुरिया सहित दर्जनों पेट्रोल पंपों पर घंटों इंतजार के बावजूद किसानों को आसानी से डीजल नहीं मिल पा रहा है। कड़ी धूप और गर्म हवाओं के बीच किसान भूखे-प्यासे लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि अगर जल्द हालात सामान्य नहीं हुए तो खेती का काम बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।

डीएम ने जारी किए नए निर्देश
रात में लग रही लंबी लाइनों को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सुबह सात से शाम सात बजे तक पेट्रोल पंप संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि ईंधन की आपूर्ति को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि लोगों को राहत मिल सके।