Maharajganj News : बकरीद से पहले बाजारों में उमड़ी भीड़, देर रात तक चली खरीदारी
28-May-2026
Total Views |
महराजगंज। इस्लाम का पवित्र त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) आज मनाया जाएगा। बकरीद के मौके पर जिले के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। बाजार में कपड़ों की बिक्री सर्वाधिक हो रही है। युवा त्योहार की खरीद में सबसे आगे दिख रहे हैं। नमाज के वक्त के लिए उन्हें पठानी सूट भा रहा है। वहीं महिलाओं व किशोरियों को हैंडवर्क ड्रेस पसंद आ रहे हैं। बुधवार की देर रात तक को लोगों ने जमकर खरीदारी की।
इस्लाम में ईद व बकरीद का खास महत्व है। दोनों ही त्योहारों में नए कपड़ों की खरीदारी खूब होती है। इस दौरान कपड़ों के साथ कॉस्मेटिक व जुते-चप्पलों के दुकानों पर खासी भीड़ दिखी। सर्वाधिक भीड़ निचलौल मार्ग पर रही क्योंकि अधिकतर रेडीमेड व थोक कपड़ों की दुकानें इसी रोड पर हैं।
पीजी कॉलेज के निकट शोरूम संचालित कर रहे मुकेश जायसवाल ने बताया कि युवा कपड़ों की खरीदारी में सबसे आगे हैं। वह नमाज के लिए अलग व मेहमान नवाजी के लिए अलग-अलग लुक वाले कपड़े खरीद रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके यहां सर्वाधिक बिक्री लखनवी पठानी कुर्ते व चूड़ीदार पायजामे की है। पठानी कुर्ते की पहचान अब सिर्फ सीधे कट और कॉलर डिजाइन तक सीमित नहीं है बल्कि नए डिजाइन में हल्के रंग, कम कढ़ाई और थोड़ी ढीली फिटिंग को युवा तरजीह दे रहे हैं जिससे नमाज अदा करते समय कोई दिक्कत न होने पाए।
मेहमानों के स्वागत के लिए ढीले अफगानी ब्लैक कुर्ते व सिंपल पायजामे को ज्यादा युवा पसंद कर रहे हैं। विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि महिलाओं और युवतियों के बीच शरारा-गरारा, अनारकली सूट के साथ लखनऊ चिकनकारी कुर्तियां की बिक्री सबसे अधिक हो रही है।
इसके अलावा, गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए हल्के और आरामदायक डिजाइनर दुपट्टे और फ्लोरल प्रिंटेड मैक्सी ड्रेसेस की बिक्री अधिक हो रही है। नेवी ब्लू कलर जरी वर्क वाली लॉन्ग कुर्ती सर्वाधिक बिक रही। अनारकली सूट की रेंज 1600 रुपये से शुरू है वही लखनऊ चिकनकारी कुर्तियां 700 रुपये से शुरू हैं। बच्चों के लिए हल्के रंग की जगह गाढ़े रंग के कुर्ते सर्वाधिक बिक रहे। इसे जीन्स पैंट के साथ बच्चों के लिए खरीदा जा रहा है।
फुटवियर में युवा पठानी कुर्ते के साथ अलग लुक के लिए जयपुरी जूतियों की मांग सर्वाधिक कर रहे हैं। मुख्यालय के कारोबारी अनवर ने बताया कि जयपुरी जूतियां 180 रुपये से 200 की रेंज में है। शिखर चौधरी ने बताया कि महिलाएं अलग-अलग कंपनियों के सैंडल पसंद कर रही हैं।