Maharajganj News : अब नहीं मिलेंगे जर्जर रास्ते! महराजगंज में शुरू हुआ सड़क सुधार का मेगा प्लान

    28-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
जनपद के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। 12 ग्रामीण संपर्क मार्ग पूर्वांचल विकास निधि (राज्यांश) से संवारे जाएंगे। इस परियोजना में लगभग आठ करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। शुरुआती चरण में 4 करोड़ रुपये की धनराशि जारी होने के बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।

ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन की दुश्वारियों को कम करने में पूर्वांचल विकास निधि (राज्यांश) मददगार बनेगी। इसकी मदद से जनपद की 12 सड़कों का पुर्ननिर्माण स्वीकृत किया गया है। इनमें से 5 मार्ग नौतनवां, 3 सिसवां बाजार, पनियरा की दो और सदर एवं फरेंदा ब्लाॅक के एक-एक मार्ग शामिल हैं।

उक्त सड़कें लंबे समय से जर्जर अवस्था में थीं जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई होती थी। कुछ रास्तों की हालत इतनी खराब है कि अक्सर राहगीर घायल होते हैं। सदर के रमपुरवा में सीसी रोड की सहूलियत से बारिश के वक्त मार्ग पर पानी जमा हो जाता था अब इससे निजात मिलेगी। समस्या को देखते हुए विभाग ने जनपद की 12 सड़कों के लिए प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद आगे प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।