Maharajganj News : AC, Wi-Fi और हाईटेक कंप्यूटर... महराजगंज में छात्रों को मिलेगा नया स्टडी जोन

    29-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
शहर के युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है। यह लाइब्रेरी रैन बसेरा परिसर में करीब 1.15 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है। इसे मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना सीएम (वीएनवाई) के तहत विकसित किया जा रहा है।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, इस परियोजना के लिए करीब 56 लाख रुपये की पहली किस्त मिल चुकी है। निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। लाइब्रेरी का निर्माण दो मंजिला भवन के रूप में कराया जा रहा है। इसमें विद्यार्थियों को पूरी तरह डिजिटल और शांत वातावरण में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। डिजिटल लाइब्रेरी में आधुनिक तकनीक पर आधारित तमाम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दिसंबर माह के अंत तक लाइब्रेरी का निर्माण पूरा हो जाएगा। इसके बाद संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

लाइब्रेरी परिसर में छात्रों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था, हाईस्पीड वाई-फाई, आरओ प्लांट से शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था तथा एयर कंडीशनर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही लाइब्रेरी में हाईटेक कंप्यूटर और डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम भी लगाए जाएंगे, जिससे छात्र ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, ई-बुक्स और डिजिटल कंटेंट का लाभ उठा सकें।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, इस डिजिटल लाइब्रेरी के शुरू होने से शहर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों के साथ अध्ययन करने का अवसर प्राप्त होगा।