Maharajganj News : आमने-सामने की टक्कर में ट्रैक्टर के उड़े परखच्चे, एक की मौत

    29-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी जोगियाबारी इलाके में गोरखपुर सोनौली हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ. एक ट्रेलर और ट्रैक्टर की आमने सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम एकसडवा और जोगियाबारी के बीच हुए हादसे में ट्रैक्टर सवार बुद्धू पुत्र टिमकी निवासी सम्पतिहा थाना नौतनवा के सिर में गंभीर चोट आई। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह चौकी प्रभारी जोगियाबारी व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से सीएचसी लक्ष्मीपुर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने बुद्धू को मृत घोषित कर दिया।

वहीं ट्रैक्टर चालक जावेद अख्तर निवासी बट‌ईढीहा थाना कोल्हुई तथा सुरेश कुमार निवासी पिपरा सोहट को सामान्य चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।