Maharajganj News : बारात की खुशियों के बीच मौत का सन्नाटा! बंद कमरे में लटकी मिली विवाहिता

    03-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बचगंगपुर के टोला थापापुर में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। शनिवार सुबह 11 बजे एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से पहले मृतका का देवर अपनी बारात लेकर घर पहुंचा था। उस समय विवाहिता घर के अंदर कमरे में थी।

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने विवाहिता को बुलाना शुरू किया, जब वह नहीं बोलीं, तो दरवाजे को तोड़ दिए। इसके बाद विवाहिता का शव कमरे के अंदर ही पंखे से लटका मिला। देखते ही परिजन जोर-जोर से चिल्लाने लगे। इतनी देर में सैकड़ों ग्रामीण जुट गए।


विवाहिता के भाई की शिकायत पर पति, देवर और सास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सास और देवर फरार हैं।

मृतका अंशू की शादी चार साल पहले 9 मई 2022 को बृजमनगंज थाना क्षेत्र के थापापुर निवासी कृष्ण गोपाल से हुई थी। शुक्रवार को उसके देवर कृष्ण मोहन की बारात गई थी। शनिवार को जब देवर बारात लेकर घर पहुंचा, तो करीब 1 घंटे बाद भाभी का शव फंदे से लटका हुआ घर के अंदर मिला।

घटना के बाद मांगलिक कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या-आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।