Maharajganj Politics : महोबा कांड पर महराजगंज में कांग्रेस का हमला, भाजपा नेताओं की संपत्तियों की जांच की मांग
30-May-2026
Total Views |
महराजगंज। कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने महोबा की घटना का जिक्र करते हुए मांग की कि केंद्रीय और प्रदेश की जांच एजेंसियां पिछले 10 वर्षों में भाजपा के विधायकों, सांसदों, विधान परिषद सदस्यों और मंत्रियों की संपत्तियों की भी निष्पक्ष जांच करें।
जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने महोबा की एक दलित छात्रा के साथ हुए अत्याचार के मामले को गंभीर बताते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि छात्रा का अपहरण कर उसे 16 दिनों तक प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा गया और लगातार दुष्कर्म किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता को नशे के इंजेक्शन देकर बेहोश किया गया तथा उसके निजी अंगों को सिगरेट से दागा गया। जब पीड़िता किसी तरह अपने घर महोबा पहुंची और घटना की जानकारी दी, तब भी भाजपा सरकार का कोई प्रतिनिधि उसका हाल जानने नहीं पहुंचा।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पीड़ित परिवार से मिलने का प्रयास किया लेकिन प्रशासन द्वारा उन्हें कई स्थानों पर रोका गया। इसके बावजूद स्थानीय कार्यकर्ताओं के सहयोग से अजय राय पीड़ित परिवार से मिले। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इसी बात से नाराज होकर भाजपा नेताओं ने अजय राय के खिलाफ बयानबाजी की और उनका पुतला फूंका। उन्होंने पिछले 10 वर्षों में भाजपा के विधायकों, सांसदों, विधान परिषद सदस्यों और मंत्रियों की संपत्तियों की भी जांच कराने की मांग दोहराई।