Maharajganj News : जुर्माने से बचने के लिए चुना नेपाल का रास्ता, अमेरिकी नागरिक पकड़ा गया
31-May-2026
Total Views |
महराजगंज। सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना फरेंदा पुलिस ने चेकिंग के दौरान छतरी पुल के पास से एक विदेशी नागरिक को अवैध रूप से सीमा पार करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए विदेशी नागरिक की पहचान फेलन ट्रैविस एंथनी निवासी मिसौरी, संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में पता चला कि ट्रैविस एंथनी का भारतीय वीजा जून 2025 से वर्ष 2030 तक वैध है, लेकिन नियमों के अनुसार वह एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम 180 दिन ही भारत में रह सकता था। वह अगस्त 2025 में भारत आया था और उसकी निर्धारित प्रवास अवधि 2 फरवरी 2026 को समाप्त हो चुकी थी।
इसके बाद वह फूड प्वाइजनिंग की समस्या के चलते फरवरी माह में देश छोड़ने के लिए हैदराबाद एयरपोर्ट पहुंचा, जहां एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा जांच करने पर पाया गया कि वह निर्धारित अवधि से 8 दिन अधिक भारत में रह चुका था।
इस कारण उस पर जुर्माना लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई। जिसे चुकाने के लिए अमेरिकन नागरिक ट्रैविस एंथनी ने हैदराबाद स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से संपर्क किया। वाणिज्य दूतावास द्वारा उसे जुर्माना भरकर अमेरिका लौटने के लिए ऋण देने की पेशकश की गई, जिसे अमेरिका पहुंचकर चुकाना था, परंतु अभियुक्त ने यह लोन चुकाने में असमर्थता जाहिर की। कानूनी कार्रवाई और जुर्माना भरने से बचने के लिए वह पिछले कुछ समय से हैदराबाद मे रह रहा था ।
जांच में पता चला कि वह महाराजगंज बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से नेपाल में प्रवेश कर वहां से अपने देश अमेरिका जाने की फिराक में था, जिसे फरेंदा पुलिस ने छतरी पुल के पास से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया ।