Maharajganj News : रात 3:20 बजे बाजार में घूमता दिखा युवक, सुबह टूटे मिले कई दुकानों के ताले

    31-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र में कॉलेज रोड, शनिचरहिया बाजार और हनुमानगढ़ी चौराहे पर शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक आठ दुकानों को निशाना बनाते हुए उनके ताले तोड़ दिए। हालांकि अधिकांश दुकानों में चोर अंदर प्रवेश करने में सफल नहीं हो सके, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

शनिवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो ताले टूटे देखकर हैरान रह गए। सूचना मिलने पर आसपास के व्यापारियों की भीड़ जुट गई। कॉलेज रोड स्थित अनुभव पांडेय की कॉपी-किताब की दुकान का ताला तोड़कर शटर उठाने की कोशिश की। वहीं पंकज स्टूडियो व ईश्वर की किराना दुकान का भी ताला टूटा मिला।

शनिचरहिया बाजार में रामचंद्र व आनंद की टॉफी-बिस्कुट की दुकानों के ताले तोड़कर शटर उठाने की कोशिश की गई, लेकिन चोर सफलता नहीं पा सके। हनुमानगढ़ी चौराहे पर जुबैर खान की रेडीमेड व हरिलाल की किराना दुकान का ताला भी टूटा मिला। कॉलेज रोड पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रात करीब 3:20 बजे एक संदिग्ध युवक घूमता दिखाई दिया है।

व्यापारियों का कहना है कि सदर कोतवाली व नगर चौकी से कुछ ही दूरी पर लगातार दुकानों के ताले टूटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। 19 मई को भी एक गुमटी में घुसकर करीब पांच हजार रुपये की चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने व आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।