Maharajganj News : ईंट भट्टे के पास गड्ढे में मिला मासूम का शव... खेल-खेल में गई जान या कुछ और?

    04-May-2026
Total Views |

महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के डुड़ी नदी किनारे स्थित एक ईंट भट्टे पर रह रहे 5 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फ़ैल गयी। मृतक की पहचान पीलीभीत जनपद के चुर्रा सकतपुर निवासी ओमपाल पुत्र आयुष के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बालक का शव उसके निवास स्थल के पास स्थित एक गड्ढे में मिला। आशंका जताई जा रही है कि वह खेलते समय गड्ढे में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।


घटना की सूचना मिलते ही नौतनवा थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव व संपत्तिहा चौकी इंचार्ज जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महाराजगंज भेज दिया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला गड्ढे में गिरकर डूबने का प्रतीत हो रहा है,लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।