Maharajganj News : अब बदलेगी पढ़ाई की तस्वीर! हर शनिवार होगा कुछ नया, छात्रों की छुपी प्रतिभा आएगी सामने
06-May-2026
Total Views |
महराजगंज। परिषदीय स्कूलों की तर्ज पर अब जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में भी गतिविधि आधारित शिक्षण व्यवस्था लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की दक्षता बढ़ाना और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। इस सम्बन्ध में डीआईओएस स्तर से सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया गया है।
जनपद में संचालित 278 माध्यमिक स्कूलों में 1.17 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद अपने विद्यार्थियों को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। राजकीय माध्यमिक स्कूल बरवां राजा के प्रवक्ता रामजी प्रसाद ने बताया कि मौजूदा शिक्षा सत्र से माध्यमिक विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार को अलग-अलग गतिविधियां आयोजित कराई जाएंगी।
माह के पहले शनिवार को नृत्य, गायन, वादन, चित्रकला, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रम, दूसरे शनिवार खेल प्रतियोगिताएं, योग और शारीरिक गतिविधियां कराई जाएंगी। तीसरे शनिवार को भाषण, वाद-विवाद, क्विज, सामान्य ज्ञान और कॅरिअर संबंधित गतिविधि आयोजित होंगी। चौथे शनिवार स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम और रचनात्मक कार्य कराए जाएंगे।
किसी माह में पांचवां शनिवार पड़ता है तो विद्यालय स्वेच्छा के मुताबिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। विभाग का मानना है कि इससे बच्चों का मानसिक, शारीरिक और रचनात्मकता में विकास होगा।