Maharajganj News : नए डीएम का पहला दिन... और सख्त संदेश! अब ऐसे चलेगा प्रशासन
06-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के नए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक तेवर साफ़ कर दिए। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ एक बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सोगरवाल ने स्पष्ट किया कि जनोन्मुखी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की डिलीवरी में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को सीधा लाभ मिले।
उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत संचालित 'लखपति दीदी' योजना को खास महत्व देते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्रमुख मंशा है। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।
नगर विकास को लेकर भी डीएम सख्त नजर आए। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण को गंभीरता से लागू करने और स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने की कही। उन्होंने जल संचय को जनभागीदारी से जोड़कर इसे एक जन अभियान बनाने का भी आह्वान किया।
राजस्व वादों के निस्तारण को शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने लंबित मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई को प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की जिम्मेदारी है।
अंत में उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने का आह्वान किया।