Maharajganj News : पत्नी से अनबन बनी इस फैसले की वजह, युवक ने उठाया ऐसा खौफनाक कदम
06-May-2026
Total Views |
नौतनवा। थाना क्षेत्र के कजरी गांव निवासी एक युवक ने कथित रूप से पारिवारिक कलह से परेशान होकर घर के अंदर सोमवार की शाम फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची अड्डा बाजार चौकी पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी मायके में ही रहती है, इस वजह से दोनों कलह की स्थिति बनी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव कजरी निवासी दीपक पासवान (25) शाम करीब छह बजे परिजनों ने भोजन करने के लिए बुलाया तो जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। संदेह होने पर परिजनों ने खिड़की के रास्ते देखा तो उसका शव फंदे से लटका देखकर सबके होश उड़ गए।
परिजनों के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जुट गए। इस दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर मौके पर पहुंची अड्डा बाजार चौकी पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और कानूनी औपचारिकता पूरी कर शव को कब्जे में ले लिया।
बताया गया कि युवक ने पारिवारिक कलह की वजह से आत्महत्या की है। परिजनों का कहना है कि मृतक दीपक गुरुवार को ससुराल गया था। रविवार को वहां से लौटा और सोमवार की शाम फंदा लगा लिया। मृतक की पत्नी खुशबू अपने मायके में थी।
मृतक के दो बच्चे श्रेया 9 माह और बेटा श्रेयांस तीन वर्ष का है। चर्चा है कि पत्नी अक्सर मायके ही रहती है, जिसको लेकर दोनों के बीच आपसी कलह बनी रहती थी। एसओ नौतनवा पुरुषोत्तम राव ने बताया कि युवक ने पारिवारिक कलह में फंदा लगाया है। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।