Maharajganj News : इंतजार से उबल पड़ा गुस्सा, सड़क पर उतर आईं कस्बे की महिलाएं
06-May-2026
Total Views |
निचलौल। निचलौल थाना क्षेत्र में स्थित भारत गैस एजेंसी पर पर्ची न कटने और गैस उपलब्ध न होने से नाराज महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित महिलाओं ने एजेंसी के बाहर निचलौल-ठूठीबारी मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इससे करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गैस के लिए एजेंसी पहुंची अनीता, दुर्गावती, अंकिता, विमला, तनु आदि महिलाओं ने बताया कि वह लोग सुबह से ही गैस की पर्ची कटवाने के लिए लाइन में लगे थे। लेकिन एजेंसी समय पर नहीं खुली और न ही कोई कर्मचारी मौके पर मौजूद मिले। लंबे इंतजार के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला तो लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर सड़क जाम कर दिया।
महिलाओं ने आगे बताया कि गैस सिलेंडर न मिलने से उनके खाना बनाना मुश्किल हो गया है। कई महिलाओं ने कहा कि वे अपने रोजमर्रा के कामकाज छोड़कर एजेंसी पहुंची हैं। लेकिन उन्हें घंटों इंतजार के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात फिर से सामान्य हो सका।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन मिश्र ने बताया कि गैस एजेंसी पर भीड़ लगने के चलते महिलाएं बातचीत करते हुए सड़क पर आ गई थीं। उन्हें समझाकर सड़क से किनारे कर दिया गया।