Maharajganj News : तीन साल का इंतजार आख़िरकार खत्म! जुलाई से इस फोरलेन पर दौड़ेंगी गाड़ियां

    07-May-2026
Total Views |

फरेंदा।
गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। करीब तीन सालों से चल रहा गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग का चौड़ीकरण अब अंतिम चरण में है। जून के अंत तक काम पूरा होने का दवा किया जा रहा है। जुलाई से राहगीर इस पर फर्राटा भर सकते हैं। फिलहाल कार्यदायी संस्था हाईवे के ओवरब्रिज का निर्माण कार्य को अंतिम रूप दे रही है। अधिकतर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। हालांकि लोग अभी से इस पर सफर कर रहे हैं।

जंगल कौड़िया से सोनौली हाईवे को करीब 2700 करोड़ की लागत से फोरलेन बनाया जा रहा है। हाईवे निर्माण कार्य का लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। लोग अभी से फोरलेन की सुविधा के लिए इस रास्ते से गोरखपुर तक का सफर तय कर रहे हैं।


हालांकि फरेंदा के दक्षिणी बाईपास, छतरी पुल, महदेवा बुजुर्ग, भैया फरेंदा, रानीपुर सहित कई जगहों पर अधूरा कार्य होने से लोगों को परेशानी हो रही है। लेकिन जिम्मेदारों का दावा है कि जल्दी ही यह कार्य भी पूरे कर लिए जाएंगे। तीन वर्ष से जारी यह निर्माण कार्य जून महीने के अंत तक पूरा हो जाएगा। जुलाई से राहगीर फोरलेन सड़क पर सफर की सुविधा ले सकेंगे।

महदेवा बुजुर्ग के सामने राहगीर मनोज कुमार ने बताया कि ओवरब्रिज का निर्माण पूरा है इस वजह से लोग इस पर सफर भी कर रहे हैं। लेकिन सर्विस लेन का काम अभी अधूरा होने से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

वहीं भैया फरेंदा के रमेश मद्धेशिया ने बताया कि काफी दिनों से सर्विस लेन को अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे परेशानी हो रही है। रानीपुर के पास मिले सलीम ने बताया कि सभी जगहों के ओवरब्रिज लगभग तैयार हो गए हैं। यहां पर संस्था शीघ्र काम पूरा करें जिससे लोगों को सहूलियत मिल सके।