Maharajganj News : 10 दिन से हाईटेंशन तार के साये में जी रहा परिवार, सीमा विवाद में उलझा विभाग

    09-May-2026
Total Views |

महराजगंज ।
लक्ष्मीपुर विकास खंड के ग्राम मझौली में 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का पोल और तार एक घर पर गिर जाने के दस दिन बाद भी नहीं हटाया गया है। घटना के बाद से ग्रामीणों में डर और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग के कर्मचारी क्षेत्रीय सीमा विवाद का हवाला देकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं।

ईदू व सिकंदर के अनुसार, तेज हवा और बारिश के दौरान 33 हजार लाइन का पोल अचानक टूटकर एक मकान पर गिर गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन संयोगवश बड़ा हादसा नहीं हुआ। पोल और हाईटेंशन तार अब भी घर के ऊपर और आसपास पड़े हैं, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।


पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना की सूचना कई बार विद्युत विभाग को दी गई,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय कर्मचारी यह कहकर मामला टाल रहे हैं कि संबंधित क्षेत्र दूसरे उपकेन्द्र अंतर्गत आता है, इसे लेकर स्पष्टता नहीं है। इसी सीमा विवाद के कारण मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खुले में पड़े हाईटेंशन तार बच्चों और पशुओं के लिए भी खतरा बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल पोल और तार हटवाने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस संदर्भ में एसडीओ लक्ष्मीपुर अशोक पांण्डेय ने बताया कि इस समय उस लाईन में सप्लाई बंद है।जल्द ही हटा दिया जाएगा।