Maharajganj News : गैस भराने की लाइन में भिड़े दो युवक ! पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप

    09-May-2026
Total Views |

चौक बाज़ार। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम रूदलापुर में गैस भराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद दोनों पक्ष शांत नहीं हुए तो पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर चालान करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक परशुराम सिंह हमराह पुलिसकर्मी अखिलेश यादव के साथ एक प्रार्थना पत्र की जांच के सिलसिले में रूदलापुर गांव पहुंचे थे। इसी दौरान प्रथम पक्ष के सचिन गुप्ता और द्वितीय पक्ष के लवकुश जायसवाल और प्रिंस जायसवाल के बीच गैस भराने को लेकर कहासुनी होने लगी, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।


पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि लवकुश और प्रिंस काफी उत्तेजित हो गए, जिससे मौके पर शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लवकुश जायसवाल (24) तथा प्रिंस जायसवाल (21) निवासी रूदलापुर, थाना चौक को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में एसओ ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय चालान किया गया है।