Maharajganj News : चार मई को घर से निकली बर्फी, दो दिन बाद रेलवे ट्रैक किनारे मिली लाश

    09-May-2026
Total Views |

गोरखपुर/महरागंज। गोरखपुर के छावनी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिले महिला के शव की पहचान महराजगंज की निवासी बर्फी के रूप में हुई है। शव की पहचान होते ही मामले ने नया मोड़ ले लिया। परिजनों ने बिहार निवासी मजदूर पर हत्या का आरोप लगाते हुए एम्स थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, छह मई की सुबह छावनी रेलवे स्टेशन के पास एक महिला का शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के जिलों की पुलिस से भी जानकारी साझा की थी। शुक्रवार को महराजगंज जिले के निचलौल क्षेत्र के अमहवा गांव निवासी भुलई चौहान थाने पहुंचे और फोटो व कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपनी बहन बर्फी के रूप में की। मृतका का पति मोतीचंद हैदराबाद में मजदूरी करता है।

भुलई चौहान ने पुलिस को बताया कि बर्फी चार मई को महाराजगंज के रामपुर सिंदुरिया स्थित ससुराल से मायके जाने के लिए सुबह निकली थी लेकिन देर रात तक नहीं पहुंची। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम चंपारण (बिहार) निवासी मजदूर राजधारी यादव अक्सर उसकी बहन से फोन पर बातचीत करता था। उन्होंने राजधारी यादव पर हत्या का आरोप लगाते हुए एम्स थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मामले की जांच प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद सहित अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।