Maharajganj News : सीमा पर बस माफिया का नेटवर्क! टिकट नेपाल में, सफर भारत से
13-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सोनौली क्षेत्र में बिना परमिट संचालित डग्गामार बसों का नेटवर्क लगातार सक्रिय बना हुआ है। आरोप है कि नेपाल के विभिन्न शहरों से यात्रियों को लाकर सोनौली के निजी बस स्टैंड से दिल्ली, हैदराबाद, लखनऊ सहित देश के कई बड़े शहरों के लिए अवैध रूप से बसों का संचालन किया जा रहा है। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, नेपाल के काठमांडू, पोखरा, बुटवल, भैरहवा और बेलहिया में इन बसों के लिए टिकट काउंटर संचालित किए जाते हैं। यहां दलाल यात्रियों से टिकट बुक कर उन्हें सोनौली सीमा तक पहुंचाते हैं। सीमा पार करने के बाद यात्री पैदल भारत आते हैं और सोनौली स्थित निजी स्टैंड पर खड़ी डग्गामार बसों में बैठकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन बसों के पास आवश्यक अंतरराज्यीय परमिट नहीं होते और न ही यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन किया जाता है। इसके बावजूद, प्रतिदिन शाम के समय दर्जनों बसें सोनौली से विभिन्न राज्यों के लिए रवाना होती हैं। आरोप है कि यात्रियों से मनमाना किराया वसूला जाता है, जबकि किसी दुर्घटना या आपात स्थिति की दशा में उन्हें बीमा अथवा अन्य कानूनी सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पाता।
सीमा क्षेत्र के नागरिकों का मानना है कि डग्गामार बसों के इस संगठित संचालन से न केवल सरकारी राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि सीमा सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इस संबंध में एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले माह 10 बड़ी बसों का चालान किया गया था और पांच बसों को थाने में निरुद्ध किया गया। इन बसों में सवार यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य तक भेजा गया। इसके अतिरिक्त, अवैध रूप से संचालित लगभग 65 अन्य बसों का चालान किया गया और करीब 14.5 लाख रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।