Maharajganj News : बेलवा बुजुर्ग में मनरेगा को लेकर संग्राम, शिकायत और प्रधान की सफाई के बीच उलझा मामला

    14-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। लक्ष्मीपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेलवा बुजुर्ग में मनरेगा कार्यों में अनियमितता और सरकारी धन के दुरूपयोग के आरोपों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। स्थानीय शिकायतकर्ता बीरेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को शिकायत की थी कि ग्राम पंचायत में 'पूरब वाली पोखरी' के जीर्णोद्धार कार्य में बड़े पैमाने पर फर्जी हाजिरी लगाकर सरकारी धन का गबन किया जा रहा है। हालांकि ग्राम प्रधान ने इस तरह के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे चुनावी रंजिश का परिणाम बताया है।

दरअसल शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 10 जून को मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से 84 श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की गई थी, जबकि मौके पर केवल 20 मजदूर ही कार्य करते पाए गए। इससे 64 श्रमिकों की उपस्थिति पर सवाल उठने लगे हैं।

इसी तरह अगले दिन 11 जून को भी 53 श्रमिकों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज की गई, लेकिन जांच के दौरान कार्यस्थल पर 49 मजदूर ही मौजूद मिले। जांच में यह दावा किया गया कि कार्यस्थल पर कुछ ऐसे बुजुर्ग भी कार्यरत मिले जो वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। इतना ही नहीं तीन नाबालिग बच्चियों से मजदूरी कराए जाने की बात भी सामने आई है।

मामले की शिकायत जिलाधिकारी, डीसी मनरेगा और खंड विकास अधिकारी से किए जाने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए। एपीओ आभा दुबे, जूनियर इंजीनियर और अन्य कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान ऑनलाइन दर्ज श्रमिकों की संख्या और मौके पर मौजूद मजदूरों के बीच अंतर पाया गया।


वहीं इस मामले में अब ग्राम प्रधान की प्रतिक्रिया सामने आयी है। 'आपन महराजगंज' टीम ने ग्राम प्रधान से संपर्क किया तो प्रधान ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए यह कहा कि यह शिकायतकर्ता ने व्यक्तिगत द्वेष और चुनावी रंजिश के तहत ये सभी झूठे इल्जाम लगाए हैं। उनका कहना है कि पोखरे के जीर्णोद्धार कार्य में अलग-अलग हिस्सों में श्रमिक काम कर रहे थे, लेकिन शिकायतकर्ता ने केवल एक हिस्से का वीडियो बनाकर भ्रामक तस्वीर पेश की है।

प्रधान ने अपनी बात के समर्थन में हमे कुछ वीडियो भी उपलब्ध कराए हैं, लेकिन वीडियो में अत्यधिक शोर होने के कारण स्पष्ट रूप से यह समझना मुश्किल है कि उसमें क्या कहा जा रहा है।

इस संबंध में एपीओ आभा दुबे ने बताया कि इस मामले में जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।