Maharajganj News : आसमान में बादल और बाजार में बहार, सीजनल कारोबारियों की बढ़ी उम्मीदें

    15-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
मानसून की आहट के साथ ही जिले के बाजारों में बारिश से बचाव के सामानों की मांग बढ़ने लगी है। छातों व रेनकोट का बाजार सजकर तैयार हो गया है। जनपद मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक छतरी, रेनकोट प्लास्टिक शीट, प्लास्टिक जूता व चप्पल के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। मौसम को देखते हुए लोगों ने इन्हे खरीदना भी शुरू कर दिया है।

बारिश से बचाने वाले प्लास्टिक उत्पाद बिक्री करने वाले कारोबारी जगराम ने बताया कि उनकी दुकान सीजनल है। मानसून आने के पहले दुकान सजाते हैं, नवंबर तक बिक्री होती है। संबंधित उत्पादों की बिक्री वह पिछले चार वर्षों से कर रहे हैं। इस बार सबसे छोटी छतरी 150 से 200 रुपये में मिल रही है। बड़ी छतरी 300 से शुरू हो रही है। पूरा शरीर ढंका रहे ऐसी नाप वाली प्लास्टिक शीट 50 से लेकर 100 रुपये तक में मिल रही है।

कारोबारी सुनील गुप्ता ने बताया कि बारिश में सबसे ज़्यादा रेनकोट की बिक्री होती है। इन दिनों 300 से 500 व 700 के रेनकोट क्वालिटी के आधार पर उपलब्ध हैं। इसी तरह बारिश में पहनी जाने वाली प्लास्टिक की चप्पल 100 और जूता 150 रुपये में बिक रहा है। बारिश को देखकर लोग खरीद भी कर रहे हैं। कारोबारियों ने बताया कि पूरे बारिश तक इन उत्पादों की डिमांड व बिक्री होती रहती है।