Maharajganj News : 21 जून से पहले स्कूलों में शुरू होगा बड़ा अभियान, छात्रों के लिए उपस्थिति अनिवार्य
15-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। शासन के निर्देश पर डीआईओएस की तरफ से सभी प्रधानाचार्य को पत्र प्रेषित किया गया है। जिसके मुताबिक आज से 20 जून तक प्रत्येक स्कूल में सुबह सात से आठ बजे तक योग संबंधित गतिविधि आयोजित होगी। इसमें विद्यार्थी व शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के 278 माध्यमिक स्कूलों के लिए तहसील स्तरीय वाद-विवाद, रंगोली व संगोष्ठी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सदर में यह आयोजन जीजीआईसी धनेवा में होगा इसके लिए नोडल का दायित्व खेल शिक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, वीरन प्रसाद व सुभाष चंद्र को सौंपा गया है। निचलौल में बाली इंटर कॉलेज में आयोजन के लिए अनूप सिंह व अरविंद राय को यह दायित्व सौंपा गया है।
नौतनवां का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज नौतनवां में होगा, इसकी जिम्मेदारी डॉ. सुलेखा, दीपक श्रीवास्तव, अमरेश श्रीवास्तव, शिप्रा श्रीवास्तव को दायित्व दिया गया है। फरेंदा का आयोजन जीजीआईसी आनंद नगर में होगा, इसकी जिम्मेदारी क्षमा सिंह, राजीव पांडेय, रामकेश व दिवाकर को सुपुर्द किया गया है। 20 जून को जनपद स्तर का आयोजन जीजीआईसी धनेवा में होगा जिसके सफल संचालन की जिम्मेदारी राजकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद और सुभाष को सौंपी गई है।