Maharajganj News : क्या बदलने वाला है बागापार का भविष्य? नगर पंचायत की मांग ने पकड़ा जोर

    16-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बागापार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गयी है। सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रविंद्र जैन के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर बागापार को नगर पंचायत घोषित करने की मांग की।

जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रविंद्र जैन ने कहा कि बागापार वर्तमान समय में जनसंख्या, व्यापारिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं और भौतिक संसाधनों के आधार पर नगर पंचायत के सभी मानकों को पूरा करता है लेकिन अब तक इसे ग्राम पंचायत के रूप में संचालित किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के समुचित विकास में बाधा उत्पन्न हो रही है।

बागापार की आबादी 20 हजार से अधिक है और यह जिला मुख्यालय से मात्र नौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ग्राम पंचायत के अंतर्गत करीब 28 छोटे-बड़े टोले आते हैं। यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, सुरक्षा और व्यापार से जुड़ी लगभग सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। क्षेत्र में इंटर कॉलेज, महाविद्यालय, पुलिस चौकी, डाकघर, साधन सहकारी समिति तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूल, राष्ट्रीयकृत और निजी बैंक तथा सैकड़ों व्यापारिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं।

उन्होने बताया कि प्रतिदिन आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बागापार आते हैं। ऐसे में यह क्षेत्र अब केवल एक ग्राम पंचायत नहीं बल्कि एक विकसित कस्बे का स्वरूप ले चुका है। लोगों का मानना है कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।