Maharajganj News : एक दिन में 1281 नए मरीज पहुंचे जिला अस्पताल, डॉक्टरों ने जारी की चेतावनी
16-Jun-2026
Total Views |
महाराजगंज। मौसम में आ रहे लगातार बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ़ दिखाई दे रहा है। इसके चलते जिले में मौसमी बीमारियों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ दिखाई पड़ी। ओपीडी में कुल 1281 नए मरीजों का पंजीकरण किया गया। साथ ही 600 पुराने मरीजों की भी डॉक्टरों ने जांच की।
सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में आने वाले सभी प्रकार के मरीजों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अस्पताल में दवाओं और डॉक्टरों की कोई कमी नहीं है तथा हर आने वाले पीड़ित को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डॉ. राकेश रमन ने बताया कि इन दिनों मरीजों में सबसे अधिक संख्या बच्चों और बुजुर्गों की है।
अस्पताल पहुंचे मरीजों में से 50 पीड़ित बच्चों का बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश रमन ने उपचार किया। डॉक्टरों ने बच्चों में डिहाइड्रेशन और उल्टी की समस्या को देखते हुए माता-पिता को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर (एमओ) डॉ. ऋषिकेश चौधरी ने बताया कि इस समय इमरजेंसी और ट्रामा सेंटर पर मरीजों का दबाव काफी बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि इन दिनों इमरजेंसी में सबसे ज्यादा मरीज गैस, उल्टी, सीने में दर्द के आ रहे हैं। सभी गंभीर मरीजों को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर आपातकालीन सेवाएं और जीवन रक्षक दवाएं दी जा रही हैं। धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस या जूस पीते रहें। खान-पान का विशेष ध्यान रखें और बासी भोजन का सेवन बिल्कुल न करें। उल्टी, दस्त या तेज बुखार होने पर खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल से संपर्क करें।