Maharajganj News : सीमा के सिपाहियों ने निभाया मानवता का फर्ज, एसएसबी जवानों ने किया रक्तदान
16-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66वीं वाहिनी ने मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए दोमुहाना घाट स्थित वाहिनी मुख्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में महिला और पुरुष जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
जिला अस्पताल की मेडिकल टीम के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 31 जवानों ने रक्तदान किया, जिससे 31 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। रक्तदान के माध्यम से जवानों ने न केवल जरूरतमंद मरीजों की सहायता की, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का भी प्रयास किया।
66वीं वाहिनी के कमांडेंट जगदीश प्रसाद दवाई ने इस अवसर पर कहा, 'रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है।' उन्होंने बताया कि एसएसबी के जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करते हैं। इसी उद्देश्य से समय-समय पर रक्तदान जैसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कमांडेंट दवाई ने यह भी बताया कि जवानों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाता है। स्वास्थ्य मानकों और ब्लड ग्रुप के अनुसार जवान स्वेच्छा से रक्तदान करते हैं, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को समय पर सहायता मिल सके।
शिविर के सफल आयोजन के बाद मेडिकल टीम और रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया। इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।